T20 World Cup 2026: क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ यानी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ही मैदान के बाहर की जंग तेज हो गई है। पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की खबरों ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इस पूरे विवाद और अनिश्चितता के बीच अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने स्थिति स्पष्ट की है।
WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत के जश्न के बीच, सैकिया ने साफ़ कर दिया कि बीसीसीआई का ध्यान सिर्फ वर्ल्ड कप के शानदार आयोजन पर है, न कि राजनीतिक बयानबाजी पर।
तैयारियां पूरी, गेंद अब ICC के पाले में
बीसीसीआई ने उन अफवाहों पर विराम लगा दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि पाकिस्तान के कड़े रुख के बाद शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। सैकिया ने दो टूक शब्दों में कहा, “हमें ICC की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला है। हम तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।” सैकिया के मुताबिक, भारत मेजबानी के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और चेन्नई जैसे पांचों वेन्यू पर वर्ल्ड क्लास सुविधाएं तैयार कर ली गई हैं।
क्या टूटेगी वर्ल्ड कप की मर्यादा?
विवाद की जड़ पाकिस्तान सरकार का वह बयान है, जिसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच न खेलने की बात कही गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सैकिया ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कौन खेलेगा और कौन नहीं, इसका निर्णय संबंधित देश और अंतरराष्ट्रीय संस्था करती है।
वहीं, ICC ने भी इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है। काउंसिल का मानना है कि किसी भी सदस्य देश का इस तरह बहिष्कार करना टूर्नामेंट की मूल भावना और खेल के नियमों के खिलाफ है।
शेड्यूल पर कोई ‘इफ-बट’ नहीं
तमाम विवादों के बावजूद क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि 7 फरवरी को मुंबई में होने वाला उद्घाटन मुकाबला (भारत बनाम अमेरिका) अपने तय समय पर ही होगा। कोलंबो में होने वाले भारत-पाक मैच पर सस्पेंस भले ही बरकरार हो, लेकिन बीसीसीआई अपनी तैयारियों में कोई ढील नहीं देना चाहता।
