Rohit Shetty House Firing: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटर्स हरियाणा से गिरफ्तार, लेडी डॉन आरजू ने रची थी खौफनाक साजिश!
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में STF ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटर्स को गिरफ्तार किया है। अमेरिका में बैठी लेडी डॉन आरजू बिश्नोई ने रची थी साजिश। नोएडा और आगरा के शूटर्स ने की थी रेकी। मुंबई पुलिस आरोपियों से कर रही है कड़ी पूछताछ।
- जॉइंट ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी
- नोएडा और आगरा के शूटर्स शामिल
- लेडी डॉन आरजू बिश्नोई का कनेक्शन
- रोहित शेट्टी की सुरक्षा कड़ी
चंडीगढ़/मुंबई: बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस को एक ऐसी कामयाबी मिली है, जिसने अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स के गठजोड़ की परतों को उधेड़ कर रख दिया है। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुंबई पुलिस ने एक बेहद गोपनीय और सटीक जॉइंट ऑपरेशन चलाकर चार ऐसे शार्प शूटर्स को दबोचा है, जो वारदात के बाद दिल्ली-NCR के होटलों और खेतों में छिपते फिर रहे थे।
विदेश से बुना गया था साजिश का जाल
जांच में जो सबसे चौंकाने वाला मोड़ आया है, वह है ‘लेडी डॉन’ आरजू बिश्नोई का नाम। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका में बैठी आरजू बिश्नोई और गैंगस्टर शुभम लोणकर ने इस पूरी वारदात की स्क्रिप्ट लिखी थी। ये दोनों सीधे तौर पर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं। मुख्य शूटर दीपक शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए आरजू से संपर्क किया था, जिसके बाद उसे रोहित शेट्टी के घर को निशाना बनाने का टास्क दिया गया।
रेकी से लेकर फायरिंग तक: 50 हजार में हुआ सौदा
पकड़े गए आरोपियों में नोएडा का दीपक शर्मा और आगरा के तीन युवक—सनी, सोनू और ऋतिक यादव शामिल हैं। ऋतिक इस पूरी टीम का ‘सुपरवाइजर’ था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शूटर्स को वारदात को अंजाम देने के लिए एडवांस के तौर पर महज 50,000 रुपये और विदेशी हथियार दिए गए थे। बाकी की बड़ी रकम काम पूरा होने के बाद देने का वादा किया गया था। सनी और सोनू ने कई दिनों तक रोहित शेट्टी के घर की रेकी की थी, ताकि फायरिंग के बाद भागने का रास्ता साफ रहे।
खेतों में बना रखा था ठिकाना
31 जनवरी की उस काली रात के बाद, जब जुहू गूंज उठा था, ये चारों आरोपी अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहे थे। STF इंचार्ज इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने इन्हें बहादुरगढ़ के एक सुनसान खेत में बने ठिकाने से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपियों को मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर बॉलीवुड और गैंगस्टर्स के पुराने टकराव को ताजा कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गैंग के निशाने पर कुछ और फिल्मी हस्तियां भी थीं?
इस श्रेणी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें: क्राइम



